19वें मीडिया कप का आगाज़: दैनिक भास्कर ने 20 रन से जीता उद्घाटन मुकाबला,खेल और पत्रकारिता का अनोखा संगम, दरभंगा में फिर बना चर्चा का केंद्र!

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

शहर के डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित 19वीं प्रमंडलीय मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर में खेले गए उद्घाटन मैच में दैनिक भास्कर ने राष्ट्रीय सहारा को 20 रनों से हराकर विजयी शुरुआत की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दैनिक भास्कर की टीम निर्धारित 20 ओवर पूरे नहीं खेल सकी और 16वें ओवर में 110 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से राजेश ने सर्वाधिक 37 रन और राघव ने 27 रनों का योगदान दिया। राष्ट्रीय सहारा के गेंदबाज ऋषि, नीतीश और सोनू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट चटकाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राष्ट्रीय सहारा की टीम भी दबाव में बिखर गई और 16वें ओवर में 90 रन पर सिमट गई। सोनू (31 रन) और नटवर (21 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। दैनिक भास्कर की ओर से अमरजीत ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके, जबकि विक्की, राघव, हरिमोहन और राजेश ने एक-एक विकेट हासिल किया।

मैच में अंपायर की भूमिका सुजीत ठाकुर और उत्सव ने निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी प्रत्यूष कुमार ने संभाली। अगला मुकाबला: 16 अप्रैल को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और इनसाइट मिथिला के बीच खेला जाएगा।

 उद्घाटन समारोह में दिखा उत्साह का माहौल

उद्घाटन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और लगातार 19 वर्षों से हो रहे इस आयोजन के लिए मीडिया स्पोर्ट्स क्लब की सराहना की। अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।

डब्ल्यूआईटी के निदेशक प्रो. अजयनाथ झा ने इस मैदान से जुड़ी अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि 1976 से इस मैदान से उनका जुड़ाव रहा है। वहीं खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने आयोजन के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।

उप खेल पदाधिकारी प्रियंका राय ने कहा कि मीडियाकर्मियों को कलम और कैमरे के अलावा बल्ले और गेंद के साथ देखना एक अलग अनुभव है। जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद और जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने भी आयोजन की सराहना की।कार्यक्रम का संचालन नवीन सिन्हा ने किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष गुंजन कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक कुमार, महासचिव गिरीश कुमार, कार्यकारी महासचिव संजय कुमार और कोषाध्यक्ष कौशल किशोर कर्ण समेत कई सदस्य मौजूद थे