दरभंगा में मासिक अपराध गोष्ठी, कई थानाध्यक्षों को चेतावनी व प्रशंसा

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा शनिवार को पुलिस कार्यालय में मार्च 2026 की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साइबर थाना प्रभारी, यातायात एवं मुख्यालय डीएसपी सहित सभी थानाध्यक्ष और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी के दौरान थानावार लंबित मामलों, मार्च माह में दर्ज एवं निष्पादित कांडों की समीक्षा की गई। हत्या, डकैती, लूट, दहेज हत्या जैसे गंभीर मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। समीक्षा में पाया गया कि कुछ थानों में शराब बरामदगी, वाहन चेकिंग के दौरान चालान, कांड निष्पादन और गिरफ्तारी में कमी है। इस पर बहेड़ा, बहेड़ी, कमतौल और केवटी थानाध्यक्षों को कड़ी चेतावनी देते हुए सुधार के निर्देश दिए गए।

वहीं बेहतर कार्य के लिए वाजितपुर और तिलकेश्वर थानाध्यक्षों को ‘सुसेवांक’ देकर सम्मानित किया गया। दूसरी ओर, कोर्ट रिसीविंग लंबित रहने के कारण सोनकी और लहेरियासराय थानाध्यक्ष का वेतन रोकने की कार्रवाई की गई।

बैठक में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ई-समन, वारंट निष्पादन में तेजी लाने, नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाने, कांडों के त्वरित निष्पादन, सड़क दुर्घटना मामलों में समय पर एंट्री, ई-साक्ष्य ऐप पर वीडियो अपलोड करने तथा शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा थानाध्यक्षों को क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने, फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करने, डायल 112 शिकायतों का समय पर निपटारा करने तथा प्रतिदिन थाना स्तर पर बैठक कर कार्यों की समीक्षा करने को कहा गया। यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए वाहन चालान अभियान तेज करने और सभी थानों के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।