बिरौल अनुमंडल मुख्यालय में पेयजल संकट, अधिवक्ता ने बार एसोसिएशन को सौंपा मांग पत्र
दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
बिरौल अनुमंडल मुख्यालय में आने वाले हजारों लोगों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था न होने के कारण भारी समस्या उत्पन्न हो गई है। भीषण गर्मी की दस्तक के साथ ही इस समस्या के समाधान के लिए स्थानीय अधिवक्ता कैलाश कुमार ने बार एसोसिएशन, बिरौल के अध्यक्ष/सचिव को एक आवेदन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है
अनुमंडल मुख्यालय परिसर में व्यवहार न्यायालय, निबंधन कार्यालय, अंचल, प्रखंड और थाना जैसे महत्वपूर्ण सरकारी विभाग स्थित हैं। यहां प्रतिदिन दूर-दराज से हजारों लोग अपने कार्यों के लिए आते हैं, लेकिन पूरे परिसर में कहीं भी शुद्ध शीतल पेयजल (R.O. मशीन या वाटर कूलर) की सुविधा उपलब्ध नहीं है। अधिवक्ता कैलाश कुमार ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है, जिससे आम जनता को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पत्र के माध्यम से यह आग्रह किया गया है कि बार एसोसिएशन अपने स्तर से विभिन्न सरकारी उपक्रमों जैसे बैंक, अस्पताल, स्वयंसेवी संस्थाओं या संघ के सहयोग से कम से कम पांच महत्वपूर्ण स्थानों पर शीतल पेयजल (R.O. वाटर कूलर) लगवाने का प्रयास करे।अधिवक्ता ने इसे जनहित में एक अति आवश्यक कार्य बताया है।

