वैशाली जिला से बड़ी खबर :वैशाली में पुलिस अफसर की संदिग्ध मौत: जढ़ुआ ओपी प्रभारी ने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, इलाके में सनसनी

दस्तक 7मीडिया /वैशाली 

बिहार पुलिस से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना वैशाली जिले से सामने आई है, जहां जढ़ुआ ओपी प्रभारी कौशल कुमार ने कथित तौर पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। यह घटना नगर क्षेत्र के बैंक कॉलोनी स्थित उनके किराये के मकान में हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि कौशल कुमार 2019 बैच के दारोगा थे और हाल ही में उन्हें जढ़ुआ ओपी का प्रभारी बनाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली एसपी विक्रम सिहाग मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस घटना के बाद पुलिस महकमे के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हर कोई इस बात को लेकर हैरान है कि आखिर किन परिस्थितियों में एक युवा पुलिस अधिकारी ने इतना बड़ा कदम उठा लिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में कोहराम मच गया है और माहौल पूरी तरह गमगीन है।

गौरतलब है कि करीब दो सप्ताह पहले ही एसपी विक्रम सिहाग ने कौशल कुमार को जढ़ुआ ओपी का प्रभार सौंपा था। ऐसे में उनकी अचानक हुई इस संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।