किराना दुकान की आड़ में चल रहा था फर्जी आधार रैकेट, अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़,

किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य सरगना गिरफ्तार, 400 से अधिक फर्जी दस्तावेज बरामद

दस्तक 7मीडिया /किशनगंज 

किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में किराना दुकान की आड़ में चल रहे अंतरराज्यीय फर्जी दस्तावेज गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। इस गिरोह के मुख्य सरगना मनोहर कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो लंबे समय से फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने का धंधा चला रहा था।

पुलिस के अनुसार, यह संगठित गिरोह सीमांचल क्षेत्र के साथ-साथ पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सक्रिय था। गिरोह के सदस्य फर्जी मोहर और दस्तावेज तैयार कर क्लोन थम्ब इम्प्रेशन व रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर (AnyDesk) के जरिए अवैध रूप से आधार कार्ड बना रहे थे।

गुप्त सूचना के आधार पर 2 अप्रैल को बुलजागिर वार्ड नंबर-5 स्थित किराना दुकान में छापेमारी की गई। इस दौरान भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, लैपटॉप, प्रिंटर, स्कैनर, कैमरा, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, सरकारी मुहर, सरपंच लेटरपैड समेत करीब 400 लोगों के दस्तावेज बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी मनोहर कुमार शर्मा फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें आधार एनरॉलमेंट सॉफ्टवेयर में अपलोड करता था और इसके लिए दूसरे लोगों की आईडी और क्लोन फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल किया जाता था।

इस मामले में टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 112/26 के तहत बीएनएस 2023 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने किया, जिसमें साइबर थाना, जिला आसूचना इकाई और स्थानीय थाना पुलिस की अहम भूमिका रही।

पुलिस का दावा है कि यह कार्रवाई सीमांचल क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज और आधार कार्ड बनाने वाले नेटवर्क पर बड़ी चोट है।