दरभंगा में 15 अप्रैल को लगेगा रोजगार मेला, 120 पदों पर होगी सीधी भर्ती
दरभंगा में 15 अप्रैल को लगेगा रोजगार मेला, 120 पदों पर होगी सीधी भर्ती
दरभंगा में 15 अप्रैल को लगेगा रोजगार मेला, 120 पदों पर होगी सीधी भर्ती
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। जिला जन सम्पर्क कार्यालय के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार, युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में 15 अप्रैल (बुधवार) को दरभंगा में दो स्थानों पर जॉब कैम्प का आयोजन किया जाएगा, जहां कुल 120 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पहला जॉब कैम्प इमारत मोजिबिया टेक्निकल इंस्टीट्यूट (आईटीआई), महदौली किलाघाट में आयोजित होगा। इस कैम्प में Quess Corp Limited द्वारा Trainee, Lead Pro-Operator, Quality Checker और Assembler पदों के लिए कुल 100 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, बीई/बीटेक उत्तीर्ण पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा 18 से 28 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को ₹15,000 से ₹19,719 (सीटीसी) वेतन के साथ मेडिकल, कैंटीन और ओवरटाइम जैसी सुविधाएं मिलेंगी। नियुक्ति गुजरात और बेंगलुरु में दी जाएगी।
वहीं दूसरा जॉब कैम्प बीएसडीसी (केवाईपी सेंटर), बहादुरपुर प्रखंड परिसर में आयोजित होगा। यहां Svatantra Microfin Pvt. Ltd. द्वारा सेल्स फील्ड ऑफिसर (SFO) के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं व 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तय की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को ₹12,500 मासिक वेतन के साथ पीएफ, ईएसआई और इंसेंटिव दिया जाएगा। इस पद के लिए दोपहिया वाहन और वैध ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य है। नियुक्ति पूरे बिहार में की जाएगी।
जॉब कैम्प में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी राष्ट्रीय करियर सेवा (NCS) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं या नियोजनालय पहुंचकर भी निबंधन करा सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पांच रंगीन फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों की छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा।
प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार मेले में भाग लेकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। खास बात यह है कि जॉब कैम्प में भाग लेना पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है।