बाजितपुर-किलाघाट में डॉ अंबेडकर मॉडल स्कूल का भव्य वार्षिकोत्सव आयोजित, बच्चों की प्रतिभा ने जीता दिल
दस्तक 7मीडिया /अफजल खान
वार्ड संख्या-23, बाजितपुर-किलाघाट स्थित डॉ अंबेडकर मॉडल स्कूल में वार्षिकोत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभिभावक-शिक्षक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं की वर्षभर की उपलब्धियों का मूल्यांकन करते हुए उन्हें परीक्षा परिणाम के आधार पर अगले वर्ग में प्रोन्नत किया गया। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम में स्कूल के निदेशक उमाशंकर पासवान, सचिव डॉ प्रेम कुमारी, मुख्य अतिथि के रूप में नई दिल्ली स्थित माय छोटा स्कूल के दरभंगा-मेंटर डॉ आर.एन. चौरसिया, प्राचार्या ममता कुमारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता पाठ और अभिनय की शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
सचिव डॉ प्रेम कुमारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि वर्ष 2020 में स्थापित इस विद्यालय में वर्तमान में प्री-नर्सरी से कक्षा 5 तक पढ़ाई होती है, जबकि इसे कक्षा 8 तक की मान्यता प्राप्त है। उन्होंने कहा कि यहां महिला शिक्षकों द्वारा बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और संस्कृति की भी सीख दी जाती है। साथ ही गुरुकुलम कोचिंग के माध्यम से कक्षा 2 से 7 तक के बच्चों को अतिरिक्त शिक्षा तथा नवोदय, सैनिक स्कूल, सिमुलतला और आरके मिशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश की तैयारी कराई जाती है।
मुख्य अतिथि डॉ आर.एन. चौरसिया ने अपने संबोधन में कहा कि प्रारंभिक शिक्षा जीवन की आधारशिला है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास और चरित्र निर्माण की मजबूत नींव रखती है। उन्होंने कहा कि 6 वर्ष की आयु तक 85% मस्तिष्क का विकास हो जाता है, इसलिए इस स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि यह स्कूल सीमित संसाधनों और कोरोना काल जैसी चुनौतियों के बावजूद तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के अंत में निदेशक उमाशंकर पासवान ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बताया कि विद्यालय में बच्चों को शिक्षा के साथ सहयोग, सेवा, अनुशासन, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों की भी सीख दी जाती है, जो उनके जीवन में हमेशा उपयोगी साबित होती है।
कार्यक्रम का सफल संचालन रोज पब्लिक स्कूल के शिक्षक अमरजीत कुमार द्वारा किया गया।