एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर प्रशासन सक्रिय ,अफवाहों से बचें, पर्याप्त है स्टॉक, आज 10,718 सिलेंडर वितरित, 03 अप्रैल को 18,784 वितरण का लक्ष्य
एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर प्रशासन सक्रिय ,अफवाहों से बचें, पर्याप्त है स्टॉक, आज 10,718 सिलेंडर वितरित, 03 अप्रैल को 18,784 वितरण का लक्ष्य
एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर प्रशासन सक्रिय ,अफवाहों से बचें, पर्याप्त है स्टॉक,
आज 10,718 सिलेंडर वितरित, 03 अप्रैल को 18,784 वितरण का लक्ष्य
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा
जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति की स्थिति को लेकर प्रेसक्लब दरभंगा में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि 02 अप्रैल को जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों द्वारा कुल 10,718 एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 11,232 सिलेंडर एजेंसियों के गोदामों में उपलब्ध हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि 03 अप्रैल 2026 को लगभग 7,552 सिलेंडरों की आपूर्ति होने की संभावना है, जबकि उसी दिन 18,784 सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा सुचारू रूप से जारी है, जिससे गैस सिलेंडर सीधे उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है।
ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति चक्र लगभग 45 दिनों का है। शहरी क्षेत्रों में यह अवधि लगभग 25 दिनों की है
बुकिंग के बाद 1 से 2 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निवारण संबंधित एजेंसियों के माध्यम से किया जा रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा दिए गए सुझावों को भी गंभीरता से लेते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
अफवाहों से बचें, जमाखोरी न करें , प्रशासन की अपील
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने आमजनों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
कालाबाजारी पर सख्ती, छापेमारी जारी
कालाबाजारी एवं जमाखोरी करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर लगातार छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जिले में पेट्रोल एवं डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता है और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।