तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर मछली व्यवसायी की मौत, परिवार ने मांगा मुआवजा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मछली व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बहेरी थाना क्षेत्र के अथर वार्ड नंबर 6 निवासी बेचन मुखिया (उम्र 50 वर्ष), पिता स्वर्गीय राम लखन मुखिया के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेचन मुखिया रोज की तरह सुबह करीब 6:30 बजे मछली लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बीएमपी-13 के पास चिपलिया के निकट दरभंगा से बेनीपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना उनके साथ आ रहे अन्य लोगों ने दी, जिन्होंने पीछे से आते समय उन्हें सड़क पर गिरा देखा। मृतक के छोटे भाई रघुनाथ मुखिया ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बेचन मुखिया ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनका भरण-पोषण उन्हीं के सहारे चल रहा था।
हादसे के बाद ट्रक और ड्राइवर फरार है ,पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


इधर, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजा और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मौके पर पहुंचे आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भोलू यादव ने भी परिजनों को सांत्वना दी और प्रशासन से हरसंभव मदद एवं न्याय दिलाने की मांग की।
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है।