सरकार द्वारा प्राप्त राशि के स्थानांतरण, व्यय मद एवं उपयोगिता को लेकर एनएसएस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के एनएसएस कोषांग के तत्वावधान में सरकार से प्राप्त राशि के स्थानांतरण, व्यय मदों एवं उसकी उपयोगिता को लेकर चार जिलों दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर एवं बेगूसराय के कार्यक्रम पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आर. एन. चौरसिया ने की।

बैठक का उद्घाटन एनएसएस बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार ने किया, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में डॉ मुनीन्द्र कुमार सिंह उपस्थित रहे।

उद्घाटन संबोधन में विनय कुमार ने कहा कि एनएसएस के लिए सरकार से प्राप्त राशि का व्यय केवल उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार ही किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यय के बाद सभी बिलों को सुरक्षित रखना अनिवार्य है, क्योंकि समय-समय पर इसका ऑडिट होता है। उन्होंने बताया कि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार प्रत्येक इकाई को विशेष शिविर हेतु ₹35,000 एवं नियमित गतिविधियों के लिए ₹36,000, कुल ₹71,000 प्रति वर्ष प्रदान किए जाएंगे। साथ ही विश्वविद्यालयों की मांग के अनुरूप नई एनएसएस इकाइयों की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है।

मुख्य वक्ता डॉ. मुनीन्द्र कुमार सिंह ने सीएनए खाते के संचालन की विस्तृत जानकारी देते हुए पीएफएमएस प्रणाली के तहत एडमिन आईडी, डाटा ऑपरेटर आईडी एवं डाटा अप्रूवल आईडी के निर्माण, वेंडर मैपिंग तथा एक्सपेंडिचर क्रिएट एवं अप्रूवल की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने पेमेंट एडवाइस जनरेट करने, पीपीए की प्रिंट कॉपी पर प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर कराने एवं बैंक से रिसीविंग प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. आर. एन. चौरसिया ने एनएसएस के विशेष शिविरों एवं नियमित गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अब तक लगभग 30 इकाइयों का सीएनए खाता खोलकर विश्वविद्यालय से मैपिंग की जा चुकी है। शेष कॉलेजों को शीघ्र खाता खोलने के लिए निर्देशित किया गया है, ताकि उन्हें समय पर सरकारी अनुदान प्राप्त हो सके।

बैठक में डॉ. सोनू राम शंकर, डॉ. लक्ष्मण यादव, डॉ. शबनम कुमारी, डॉ. रीता सिंह, डॉ. रिंकी कुमारी, डॉ. अनुपम प्रिया, डॉ. प्रेमलता शर्मा, डॉ. कमलेश मांझी, डॉ. योगेश्वर साह, डॉ. प्रीति कुमारी, डॉ. चंद्रिका कुमारी, डॉ. शंभू पासवान, डॉ. सुनील कुमार सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह, डॉ. अमित, एनएसएस सहायक अमित कुमार झा सहित विभिन्न महाविद्यालयों के कंप्यूटर ऑपरेटर एवं 40 से अधिक प्रतिभागी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोनू राम शंकर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. लक्ष्मण यादव ने प्रस्तुत किया।