मिथिला विश्वविद्यालय के वीमेन्स सेल द्वारा ‘अधिकार, न्याय और सक्रियता : सभी महिलाओं एवं लड़कियों’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम एवं विशेष व्याख्यान आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के वीमेन्स सेल के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यूनेस्को की थीम “अधिकार, न्याय और सक्रियता : सभी महिलाओं एवं लड़कियों” पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम एवं विशेष व्याख्यान का आयोजन हाइब्रिड मोड में जुबिली हॉल एवं पीजी वाणिज्य विभाग में किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रो कुसुम कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल नैतिकता और सामाजिकता के लिए ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज की खुशहाली के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन के लिए महिलाओं को जागरूक, सक्षम और संघर्षशील बनना होगा। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से महिला अध्ययन केन्द्र प्रारंभ करने का आग्रह करते हुए सिलेबस निर्माण सहित हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

अध्यक्षीय संबोधन में प्रो संजय कुमार चौधरी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला तथा महिला सम्मान को बढ़ावा देने हेतु विशेष पाग डिजाइन करने की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय महिला कोषांग को दी।

सम्मानित अतिथि प्रो मंजू राय ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए स्वयं आवाज उठानी होगी तथा परिवार और समाज में समानता की शुरुआत घर से करनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि प्रो पुनीता झा ने महिलाओं को राष्ट्र निर्माण की शिल्पी बताते हुए कहा कि समानता को व्यवहारिक रूप देने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

कार्यक्रम में वीमेन्स सेल की सदस्य डॉ. निर्मला कुशवाहा ने आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला तथा मुख्य अतिथि का परिचय कराया। इस अवसर पर सामाजिक बुराइयों पर आधारित वारिधि विशाल द्वारा लिखित एवं निर्देशित एकांकी ‘कलि’ की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

अतिथियों का स्वागत वीमेन्स सेल की समन्वयक एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. तनिमा कुमारी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ तथा अतिथियों को पाग, चादर एवं बुके देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, पदाधिकारी, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी एवं छात्र-छात्राओं सहित लगभग 350 से अधिक लोग उपस्थित थे। एनएसएस की वरीय स्वयंसेविका प्रिया कुमारी के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सोनी शर्मा ने किया।