तेज रफ्तार पिकअप ने ली जान, एक किमी तक घसीटता रहा शव,

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

स्थानीय थाना क्षेत्र के दरभंगा–जयनगर एनएच-527बी पर पाराडीह स्थित हनुमान मंदिर के दक्षिण रविवार सुबह करीब 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वैन की ठोकर से 50 वर्षीय मुन्ना यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान पाराडीह गांव निवासी स्व. जगदेव यादव के पुत्र मुन्ना यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह सुबह सड़क पार कर रहा था, तभी उत्तर दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसका शव वाहन के बंपर में फंस गया और करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए पुलिया तक ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही केवटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ग्रामीणों के अनुसार मुन्ना यादव अकेले जीवन यापन कर रहा था। करीब 15 साल पहले पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह मंदिर परिसर में ही रहता था और आसपास के होटल व मंदिर में झाड़ू-पोछा कर किसी तरह अपना गुजारा करता था। लोगों ने बताया कि वह पढ़ा-लिखा था और उसे अखबार पढ़ने का काफी शौक था।