आपसी सौहार्द की मिसाल बिरौल अनुमंडल में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई ईद की नमाज

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

इबादत और बरकतों का पवित्र महीना रमजान शुक्रवार को संपन्न हो गया। बिरौल और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार अकीदत और पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों और मदरसा रहमानिया


परिसर में हजारों की संख्या में मुस्लिम भाइयों ने खुदा की बारगाह में सिर झुकाया और मुल्क में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी। मुख्य नमाज सुपौल शेखपुरा ईदगाह, मदरसा रहमानिया,अकबरपुर बैंक, बलिया, पटनिया,भंथा,अहिलबाड़ा,साहो,उछटी, मिर्जापुर सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख स्थलों पर अदा की गई। मौलानाओं ने नमाज से पूर्व रमजान के 30 रोजों की अहमियत बताते हुए मानवता व प्रेम का संदेश दिया। नमाज संपन्न होने के बाद फिजाओं में ‘ईद मुबारक’ की गूंज सुनाई देने लगी। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर गिले-शिकवे दूर किए और खुशियां बांटी। बच्चों में ईद को लेकर खासा उत्साह देखा गया, जो खिलौनों और मिठाई का आनंद लेते नजर आए। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। विभिन्न संवेदनशील स्थानों और ईदगाहों के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात रहे।अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी के निर्देश पर पुलिस अधिकारी लगातार गश्त करते रहे।

बता दें कि ईद का यह पर्व केवल मजहबी रस्म नहीं, बल्कि समाज को एकता के सूत्र में पिरोने का एक सशक्त माध्यम साबित हुआ। बिरौल की सड़कों पर फैली मुस्कान और दुआओं के लिए उठे हाथ इस बात के गवाह रहे कि प्रेम और शांति ही समाज की असली पूंजी है।