दरभंगा में गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त: बहेड़ी के होटल पर प्राथमिकी, 22 मार्च को 23 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण की तैयारी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी दरभंगा  कौशल कुमार के निर्देश पर सभी गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत वरीय अधिकारियों द्वारा गोदामों और होटलों में लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 21 मार्च को जिले में 10,186 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 12,982 सिलेंडर अभी एजेंसियों के गोदामों में उपलब्ध हैं। वहीं, 22 मार्च को 10,690 नए सिलेंडर आने की संभावना है, जिससे कुल 23,672 सिलेंडर वितरण के लिए उपलब्ध रहेंगे।

निरीक्षण अभियान के दौरान कार्रवाई भी की गई है। बहेड़ी में ब्रदर्स होटल को घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पकड़ा गया, जिसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा कल 57 और आज 18 स्थानों पर छापेमारी की गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दरभंगा में गैस की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और सभी एजेंसियों द्वारा घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाया जा रहा है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से गैस का भंडारण न करें।

प्रशासन ने बताया कि गैस वितरण व्यवस्था की लगातार और गहन निगरानी जारी रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।