बिरौल अनुमंडल में मनेगा बिहार दिवस 2026, ‘उन्नत बिहार’ की थीम पर तीन दिवसीय भव्य आयोजन

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिहार दिवस 2026 के अवसर पर बिरौल अनुमंडल में आगामी 22 मार्च से 24 मार्च तक भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। शशांक राज अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, इस वर्ष का उत्सव “उन्नत बिहार” की थीम पर आधारित होगा। आयोजन की सफलता के लिए उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, अकबरपुर, बिरौल को मुख्य कार्यक्रम स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है। अनुमंडल के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे सभी विद्यालयों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।उत्सव के दौरान विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 22 मार्च को सभी विद्यालयों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसमें सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित नारों का उद्घोष होगा। शाम को विद्यालय परिसरों को दीपों और नीली रोशनी से सजाया जाएगा। 23 मार्च को विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल प्रदर्शनी लगाई जाएगा। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं के बीच पेंटिंग, वाद-विवाद, क्विज और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ये प्रतियोगिताएं तीन वर्गों (कक्षा 1-5, 6-8 और 9-12) में बालक एवं बालिका दोनों श्रेणियों के लिए होंगी। और 24 मार्च को यानी अंतिम दिन बिरौल अनुमंडल के सभी प्रखंडों के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के साथ-साथ बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों और कर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री राज ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, सजावट और छात्रों के आने-जाने की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है, साथ ही, पूरे कार्यक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराकर प्रतिवेदन अनुमंडल कार्यालय को भेजने को कहा गया है।