मुजफ्फरपुर में समाजसेवी की गोली मारकर हत्या, थानाध्यक्ष पर आरोप; RJD ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

दीपक कुमार /गायघाट 

मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बेरुआ पंचायत के चोरनिया गांव में बीती रात समाजसेवी जगतवीर राय की कथित रूप से थानाध्यक्ष द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।

RJD नेताओं ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए गायघाट थानाध्यक्ष पर तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज करने और उनकी अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषी को कड़ी सजा दिलाने की बात कही है।

प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की है। इस संबंध में बिहार के DGP और मुजफ्फरपुर के SP से भी बातचीत किए जाने की जानकारी दी गई है। नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक निरंजन राय, विधान परिषद सदस्य कारी सोहैब, जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता, पृथ्वीनाथ राय, बबलू कुशवाहा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।