आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, अस्पतालों में व्यवस्था सुधार के सख्त निर्देश
आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, अस्पतालों में व्यवस्था सुधार के सख्त निर्देश
आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, अस्पतालों में व्यवस्था सुधार के सख्त निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में गुरुवार को दरभंगा स्थित प्रमंडलीय सभागार में दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिलों के स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान आयुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने औषधि निरीक्षकों को सभी मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच करने तथा निजी नर्सिंग होम की सघन जांच कराने का निर्देश सिविल सर्जन एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधकों (डीपीएम) को दिया।
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा चिकित्सक रोस्टर के अनुसार उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराएं। उन्होंने दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जलजमाव की समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश भी दिए।
दवाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर देते हुए आयुक्त ने कहा कि किसी भी स्थिति में दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए और बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने ओपीडी सेवाओं के सुचारू संचालन, दवा वितरण काउंटर के पास सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के माध्यम से अस्पतालों में पेयजल की नियमित जांच कराने का निर्देश दिया।
बैठक में अस्पतालों की स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एएनएम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
आयुक्त ने ट्रामा सेंटर की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और ब्लड बैंक जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश सिविल सर्जनों को दिया गया।
इस दौरान क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी द्वारा अधिकारियों को पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों के सख्ती से अनुपालन का निर्देश दिया गया।
आयुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और सुधार प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी-सह-क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, सभी जिलों के सिविल सर्जन एवं डीपीएम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।