मेडिकल छात्रों का बवाल: डेटा ऑपरेटर से विवाद के बाद DMCH में घंटों ठप रही जांच

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

डीएमसीएच के सर्जिकल भवन स्थित पैथोलॉजी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर बुधवार को यूजी मेडिकल छात्रों और डेटा ऑपरेटर के बीच विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। कहासुनी के बाद स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दर्जनों छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिससे पूरे क्लीनिकल पैथोलॉजी विभाग में अफरा-तफरी मच गई।
छात्रों ने डेटा ऑपरेटर पर पिटाई का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल काटा और उसकी तलाश में विभाग में घुस गए। इस दौरान वहां कार्यरत कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। छात्रों के आक्रोश को देखते हुए कर्मचारी और डेटा ऑपरेटर मौके से हट गए, जिससे काम पूरी तरह ठप हो गया। कई मरीजों के सैंपल जांच के लिए लंबित रह गए।
बताया जाता है कि विवाद की शुरुआत जांच के लिए रजिस्ट्रेशन को लेकर हुई थी। मामला बढ़ने पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन हरकत में आया। प्राचार्य डॉ. यूसी झा, अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा समेत कई वरिष्ठ डॉक्टर मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर छात्रों को शांत कराया। हालांकि, उनके जाने के बाद छात्र फिर से डेटा ऑपरेटर की तलाश में विभाग में पहुंच गए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बेंता थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष विनय मिश्रा ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद छात्र वहां से हटे।
हंगामे के कारण दोपहर करीब डेढ़ बजे से क्लीनिकल पैथोलॉजी विभाग में काम पूरी तरह ठप रहा। इस बीच एक लैब तकनीशियन ने अधीक्षक को आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है।
उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मामला फिलहाल सुलझा लिया गया है और गुरुवार से जांच सेवाएं सामान्य हो जाएंगी। गंभीर मरीजों की जांच इमरजेंसी पैथोलॉजी में जारी रही। मामले की जांच की जा रही है।