दरभंगा में LPG गैस की कोई कमी नहीं, घर-घर होगी डिलीवरी: जिला आपूर्ति पदाधिकारी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर बुधवार को प्रेस क्लब दरभंगा में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि 18 मार्च को जिले में 13,648 से अधिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 10,157 सिलेंडर एजेंसियों के गोदामों में उपलब्ध हैं। वहीं, 19 मार्च को 10,199 सिलेंडर आने और 20,356 सिलेंडरों के वितरण की संभावना है।

होम डिलीवरी सेवा शुरू

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि आज से गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा शुरू कर दी गई है। अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर सीधे उनके घर तक पहुंचाया जाएगा, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

ग्रामीण-शहरी आपूर्ति चक्र तय

उपनिदेशक जनसंपर्क के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिनों का है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अवधि करीब 25 दिनों की है। बुकिंग के बाद 1-2 दिनों के भीतर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है।

300 से अधिक शिकायतों का समाधान

जिला नियंत्रण कक्ष में अब तक 300 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका त्वरित निवारण संबंधित गैस एजेंसियों के माध्यम से किया गया है। उपभोक्ता अपनी शिकायत 06272-245055 नंबर पर दर्ज करा सकते हैं।

अफवाहों से बचें, जमाखोरी न करें

अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस सिलेंडर का अनावश्यक भंडारण न करें। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि आपूर्ति की समुचित व्यवस्था की गई है।

कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने चेतावनी दी कि गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

पारदर्शिता के निर्देश

सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने स्टॉक की जानकारी सूचना पट पर प्रदर्शित करें, ताकि पारदर्शिता बनी रहे