पतोड़ :हाट में सिलेंडर विस्फोट, कई लोग झुलसे; डीएमसीएच में इलाज जारी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा के एपीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊष्मामठ बाजार में साप्ताहिक हाट के दौरान गैस सिलेंडर फटने से आधा दर्जन से अधिक लोग झुलस गए। घटना उस समय हुई जब पेठियागाछी हाट में एक नाश्ते की दुकान पर चूल्हे में जल रहा सिलेंडर अचानक विस्फोट कर गया।

विस्फोट इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही कई लोग घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर रूप से झुलसे पांच लोगों को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घायलों में डोमनी देवी, हीरा देवी, उनकी बेटी मेनका कुमारी, लालू साह और उनके बेटे चंदन साह शामिल हैं। वहीं, कुछ अन्य घायलों का इलाज आसपास के निजी क्लीनिकों में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद एक ही एंबुलेंस से पांच गंभीर रूप से घायलों को डीएमसीएच लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचने लगे, जिससे वहां भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि सभी घायल हाट में खरीदारी या दुकानदारी के लिए मौजूद थे, तभी अचानक हुए इस विस्फोट ने कई परिवारों को संकट में डाल दिया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।