महिला से दुराचार और अनुशासनहीनता में दारोगा बर्खास्त, 2022 के मामले में कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया ,कैमूर/रोहतास

शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. सत्य प्रकाश ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) अमरनाथ कुमार को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद सोमवार को तत्काल प्रभाव से लागू की गई।

जानकारी के अनुसार, अमरनाथ कुमार वर्तमान में कैमूर जिला पुलिस बल में तैनात थे। उनके खिलाफ यह मामला वर्ष 2022 का है, जब वे रोहतास जिले के दिनारा थाना में पदस्थापित थे। उसी दौरान एक महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर शोषण करने और अनुचित व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया था।

पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतास के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) द्वारा विस्तृत जांच कराई गई। जांच में आरोपों को प्रथमदृष्टया सही पाया गया, जिसके आधार पर एसपी ने कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की।

विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. सत्य प्रकाश ने जांच रिपोर्ट और एसपी की अनुशंसा के आधार पर अमरनाथ कुमार को सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया।

इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या दुराचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।