मध्याह्न भोजन में सांप मरे होने की अफवाह से अभिभावकों में मची अफरातफरी,अपने अपने बच्चों की खोज में विद्यालय पहुंचे अभिभावक व ग्रामीण,

एसडीओ ने अस्पताल पहुंच कर स्कूली बच्चों का लिया हालचाल ,कहा अफवाह से बचें क्षेत्र के लोग।

नीलेश / बिरौल ।

प्रखंड के नगर पंचायत बिरौल के मध्य विद्यालय अफजला खेबा में मध्याह्न भोजन के दौरान सांप मिलने की अफवाह से अभिभावकों एवं शिक्षा महकमा में अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। देखते ही देखते अभिभावकों के साथ स्थानीय लोग विद्यालय परिसर पहुंच कर अपने-अपने बच्चों से पूछताछ करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अभिभावकों के साथ उनके लगभग आठ दर्जन बच्चों को साथ लेकर सीएचसी पहुंच कर सभी का शारीरिक जांच शुरू कराया। एसडीओ उमेश कुमार भारती सीएचसी पहुंच कर चिकित्सक से बच्चों के संबंध में जानकारी हासिल की। चिकित्सक डॉ.फूल कुमार मिश्र ने किसी बच्चों के साथ कोई कठिनाई नहीं होने की जानकारी एसडीओ को दी। एच एम नित्यानंद ने बताया कि घटना दिन के 12.30बजे की है जब विद्यालय में बच्चे मध्याह्न भोजन कर रहे थे कि अचानक किसी ने भोजन में सांप मरे होने की अफवाह फैला दिया। इतना सुनते ही बच्चे प्लेट में रखा आधा भोजन बिना खाये ही फेक कर चिल्लाने लगे। इसी बीच बच्चों के अभिभावक के साथ कई स्थानीय लोग विद्यालय आ कर हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जिन अभिभावकों को मध्याह्न भोजन करने से अपने बच्चों के बीमार होने की आशंका हो रही थी।उन बच्चों को पुलिस एवं विद्यालय के शिक्षकों ने सीएचसी ला कर उन बच्चों का शारीरिक जांच कराया। एसडीओ उमेश कुमार भारती ने बताया कि 94 बच्चों का चिकित्सीय जांच कराया गया है। जिसमें चिकित्सक की ओर से बच्चों को मध्याह्न भोजन खाने से किसी प्रकार की कठिनाई सामने नहीं आने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि किसी ने भोजन में सांप होने की अफवाह फैला कर इस तरह की समस्या उत्पन्न कर दिया। एसडीओ ने अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहने की अपील लोगों से की है।