उचक्कों का आतंक: एसी के कॉयल काटे, टेंपो की स्टेपनी भी उड़ाई

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) परिसर में उचक्कों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सरकारी संपत्ति को निशाना बनाकर बदमाश लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे अस्पताल और कॉलेज प्रशासन परेशान है।


जानकारी के अनुसार, उचक्कों ने फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के पोस्टमार्टम हाउस परिसर स्थित डिमॉन्सट्रेशन रूम में लगे चार एसी के तांबे के कॉयल काट लिए। बताया जा रहा है कि हाल ही में इन एसी की मरम्मत कराई गई थी। सुरक्षा के लिए कॉलेज और अस्पताल प्रशासन की ओर से एजेंसी को हर महीने भुगतान किया जाता है, इसके बावजूद चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।


इससे पहले भी उचक्कों ने कॉलेज के प्रशासनिक भवन स्थित परीक्षा भवन से बारी-बारी से 12 एयर कंडीशनरों के तांबे के कॉयल काट लिए थे। वहीं इससे पूर्व आठ एसी के कॉयल भी चोरी हो चुके हैं। पोस्टमार्टम कॉम्प्लेक्स भी पहले उचक्कों के निशाने पर रह चुका है। डीएमसीएच के गायनी विभाग परिसर से भी उचक्के लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति उड़ा चुके हैं। ऑक्सीजन पाइप और एसी के कॉयल लगातार उनके निशाने पर हैं।
इधर शुक्रवार को उचक्कों ने इमरजेंसी परिसर में खड़े एक टेंपो से स्टेपनी भी चुरा ली। टेंपो चालक अपने बीमार परिजन को इलाज के लिए लेकर आए थे। इस घटना के बाद उन्होंने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।