ख्वाजा गरीब नवाज ग्रुप ऑफ कॉलेज की ओर से भव्य दावत-ए-इफ्तार,सैकड़ों लोग हुए शामिल

दस्तक 7 मीडिया/ दरभंगा 

रमजान के पवित्र महीने में आपसी भाईचारा और मोहब्बत का संदेश देने के लिए ख्वाजा गरीब नवाज ग्रुप ऑफ कॉलेज की ओर से एक भव्य दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अपोलो कॉलेज ऑफ नर्सिंग,एकमी,गीदरगंज,लहेरियासराय परिसर में आयोजित किया गया,जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों और समुदायों के रोजेदारों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और मिलजुल कर इफ्तार किया। इस दावत-ए-इफ्तार का आयोजन ख्वाजा गरीब नवाज ग्रुप ऑफ कॉलेज के निदेशक डॉ. तकवीम अख्तर की देखरेख में किया गया। उन्होंने अपना बहुमूल्य समय देकर कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और रमजान के इस खास मौके पर एक साथ बैठकर इफ्तार किया।
कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां भी शामिल हुईं। इनमें पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री मो.अली अशरफ फातमी,दरभंगा ग्रामीण के पूर्व विधायक ललित यादव,लोजपा के महासचिव शहनवाज अहमद कैफी,जदयू के महासचिव कमरें आजम कमर,बिहार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सफदर इमाम,प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राम प्रवेश पासवान,खगड़िया से अफजल सुलेमान,डॉ. अरमान सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और रोजेदार भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री मो.अली अशरफ फातमी ने कहा कि डॉ. तकवीम अख्तर द्वारा आयोजित यह दावत-ए-इफ्तार काफी शानदार और सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कोई भी पर्व और त्योहार हमें आपसी प्रेम,सद्भाव और भाईचारे के साथ रहने का संदेश देता है। ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता और सौहार्द को मजबूत करते हैं।
वहीं कार्यक्रम के आयोजक डॉ. तकवीम अख्तर ने सभी मेहमानों और रोजेदारों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस दावत-ए-इफ्तार में शामिल होने के लिए वह सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि पर्व और त्योहार समाज में भाईचारे और एकता की पहचान होते हैं। रमजान के इस पवित्र महीने में सभी लोग एक साथ बैठकर इफ्तार करते हैं,जिससे आपसी संबंध और मजबूत होते हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाना और आपसी प्रेम तथा सद्भाव को बढ़ावा देना है। इस मौके पर शहर के कई गणमान्य लोग,सामाजिक कार्यकर्ता और आसपास के इलाकों से आए सैकड़ों लोगों ने भी भाग लिया। सभी ने एक साथ इफ्तार कर रमजान की खुशियों को साझा किया।दावत-ए-इफ्तार का यह कार्यक्रम देर शाम तक चला और पूरे माहौल में भाईचारे,प्रेम और सौहार्द का संदेश दिखाई दिया। उपस्थित लोगों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को जोड़ने का काम करते हैं और आपसी रिश्तों को मजबूत बनाते हैं।