एलपीजी होम डिलीवरी बंद होने से महिलाओं की बढ़ी परेशानी, लोजपा ने इस व्यवस्था की कड़ी निंदा,
इस समस्या को लेकर एसडीएम से करेंगे भेंट

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

अनुमंडल मुख्यालय स्थित सभी एलपीजी गैस एजेंसियों द्वारा अचानक होम डिलीवरी सेवा बंद कर दिए जाने से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस निर्णय का सबसे बुरा असर गृहणियों पर पड़ा है, जिन्हें अब रसोई गैस के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि होम डिलीवरी बंद होने से दैनिक दिनचर्या पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है। खास तौर पर उन परिवारों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है जिनके पुरुष सदस्य रोजी-रोटी के सिलसिले में घर से बाहर या परदेस में रहते हैं। ऐसी स्थिति में घर की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं के कंधों पर है। सिलेंडर खत्म होने पर उन्हें खुद एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे न केवल उनका समय बर्बाद हो रहा है बल्कि शारीरिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक जनशक्ति पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार झा ने गैस एजेंसी संचालकों के इस अड़ियल रवैये की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के होम डिलीवरी बंद करना उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन है। उन्होंने अनुमंडल के सभी गैस एजेंसी संचालकों से आग्रह है कि वे जनहित को देखते हुए पूर्व की भांति सही समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित करें। यदि अगले एक से दो दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ और सेवाएं बहाल नहीं की गईं, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। जबकि सभी एजेंसियों के पास प्रयाप्त मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध है। अध्यक्ष राजकुमार झा ने बताया कि होम डिलीवरी की समस्या को लेकर जल्द ही अनुमंडल पदाधिकारी से भेंट करने वाले हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गैस वितरण केंद्रों की इस मनमानी से इलाके में कालाबाजारी का डर भी बना रहता है। अब देखना यह है कि एजेंसी संचालक इस चेतावनी के बाद क्या कदम उठाते हैं या प्रशासन इस मामले में हस्तक्षेप कर महिलाओं को इस परेशानी से निजात दिलाता है।