सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं ने किया सड़क जाम, थानाध्यक्ष से कहा – “सर, हम तो सिर्फ एक सिलेंडर ही मांग रहे हैं”

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

खाड़ी देशों के बीच चल रहे युद्ध के कारण गैस की किल्लत से उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है। लोग सुबह होते ही गैस एजेंसियों और गोदामों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
शुक्रवार को सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों ने लहेरियासराय थाना क्षेत्र के नाका नंबर 6 पर सड़क जाम कर प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि डीएम कौशल कुमार ने शुक्रवार से सभी गैस एजेंसियों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती करते हुए पुलिस की ड्यूटी भी लगा दी है। इसके बावजूद लोग सिलेंडर लेकर गोदामों का चक्कर लगा रहे हैं।
शुक्रवार को अलविदा की नमाज छोड़कर भी लोग सिलेंडर के लिए सड़क जाम कर हंगामा करते नजर आए। लोगों का आरोप है कि नंबर लगने के बाद भी उन्हें गैस नहीं दी जा रही है।
इधर, डीएमसीएच में चल रहे जीविका कैंटीन को चार कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति से थोड़ी राहत मिली है। कैंटीन के मैनेजर अभिषेक मिश्रा ने बताया कि उनके पास सिर्फ एक सिलेंडर ही बचा था। उन्होंने बताया कि लगातार प्रयास और डीएम से गुहार लगाने के बाद आज सिलेंडर की आपूर्ति कर दी गई है। हालांकि हालात सामान्य होने तक मेन्यू में कटौती कर मरीजों और उनके परिजनों को खाना उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने डीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा को पत्र लिखकर पुराने गायनिक विभाग के पास खाली पड़े शेड को कुछ दिनों के लिए उपयोग करने की अनुमति मांगी है, ताकि सिलेंडर नहीं मिलने की स्थिति में कोयला या लकड़ी पर खाना बनाकर मरीजों को भोजन दिया जा सके। पिछले तीन दिनों से कैंटीन के मेन्यू में कटौती करते हुए चाय-नाश्ता और खाने में रोटी देना बंद कर दिया गया है।
जाम की सूचना मिलते ही लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। पुलिस की ओर से लोगों से धैर्य रखने की अपील की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने जाम कर रहे लोगों से कहा कि बिना सूचना के इस तरह सड़क जाम करना गलत है। इस पर महिलाओं ने कहा, “हम तो सिर्फ एक सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान होकर सड़क जाम किए हैं, आखिर हम लोग क्या करें, आप ही बताइए।”