डीएम ने की महत्वपूर्ण बैठक, वाहनों की लॉगबुक जमा कराने व पेंशन लाइफ सर्टिफिकेट पर सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा।

समाहरणालय में मंगलवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कार्य में प्रयुक्त वाहनों के लॉग बुक, लाइफ सर्टिफिकेट, जीएसटी वसूली तथा पंचायतों में सोलर लाइट अधिष्ठापन सहित कई विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्य में प्रयुक्त वाहनों से संबंधित सभी लॉग बुक शुक्रवार तक हर हाल में जमा कराना सुनिश्चित करें, ताकि गाड़ी मालिकों को भुगतान और लेखा प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। उन्होंने वाहन मालिकों से भी अपने लॉग बुक संबंधित प्रखंड विकास अधिकारी के पास जमा करने की अपील की।

बैठक में संयुक्त आयुक्त दरभंगा अंचल-1 की प्रभारी प्रतिमा कुमारी ने प्रखंड कार्यालयों द्वारा की गई टीडीएस कटौती की राशि शीघ्र जमा करने तथा उसकी विवरणी समय पर दाखिल करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि टीडीएस राशि समय पर जमा नहीं की गई या विवरणी दाखिल नहीं की गई, तो संबंधित पदाधिकारी पर व्यक्तिगत दायित्व तय किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, पुल निर्माण निगम को भी जीएसटी कटौती की राशि जल्द जमा करने का निर्देश दिया।

बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में पेंशनभोगियों के लगभग 1 लाख 30 हजार लाइफ सर्टिफिकेट लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी पेंशनधारियों का लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मार्च के बाद लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं होने पर पेंशन बंद हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रखंड विकास अधिकारी की होगी। साथ ही मृत पेंशनधारियों की सूचना भी शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने पंचायतों में सोलर लाइट योजना के तहत लंबित भुगतान की भी समीक्षा की और एक सप्ताह के भीतर किए गए कार्यों का भुगतान संवेदकों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा।

इसके अतिरिक्त जिले की प्रत्येक पंचायत में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक-एक आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण के लिए सभी प्रखंड विकास अधिकारियों को जमीन चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। यदि किसी पंचायत में जमीन उपलब्ध नहीं हो, तो निकटवर्ती पंचायत में जमीन चिन्हित करने को कहा गया।

बैठक में आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार, सहायक निदेशक दिव्यांगजन कोषांग आशीष अमन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी और अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।