अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘अस्मिता’ पहल के तहत नेहरू स्टेडियम में भव्य दौड़ प्रतियोगिता
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘अस्मिता’ पहल के तहत नेहरू स्टेडियम में भव्य दौड़ प्रतियोगिता
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘अस्मिता’ पहल के तहत नेहरू स्टेडियम में भव्य दौड़ प्रतियोगिता
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘अस्मिता’ पहल के तहत नेहरू स्टेडियम, दरभंगा में भव्य दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के खेल विभाग एवं भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक के निर्देशानुसार जिला प्रशासन दरभंगा, माय भारत दरभंगा तथा खेल विभाग दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी परिमल कुमार, कृषि वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार, साहित्यकार नैना साहु, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना, सुजीत मल्लिक, संजीव साह, मुकुंद चौधरी तथा अनुराग कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी परिमल कुमार ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करता है। उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की ‘अस्मिता’ पहल उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। खेल महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें समाज में नई पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना तथा समाज में समानता का संदेश देना है। इस विशेष दौड़ प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्राओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों—अंडर-13 वर्ष, 13–18 वर्ष तथा 18 वर्ष से ऊपर—में आयोजित की गई। सभी वर्गों में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. आदित्य नारायण चौधरी मन्ना, संजीव शाह, मुकुंद चौधरी, सुजीत मल्लिक, सत्य प्रकाश, कुमार अनुराग और नैना साहू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। मंच संचालन अमित शुक्ला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूजा कुमारी ने दिया।
इस अवसर पर खेलो इंडिया के कोच तरुण प्रकाश, संजीव कुमार, बृजेश कुमार, दिनकर, शोएब, बलदेव मेहता, ज्योति कुमारी, राकेश कुमार, जीनत आरा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।