विद्यालयों में आयुष स्वास्थ्य जागरूकता के तहत “आयुर्विद्या कार्यक्रम” का आयोजन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला आयुष समिति-सह-जिला संयुक्त औषधालय, दरभंगा द्वारा आयुष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के तहत प्राथमिक विद्यालय पतोर, हायाघाट, प्राथमिक विद्यालय पतोर (कन्या), हायाघाट तथा +2 उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, परसरमा, गोड़ा बौराम, दरभंगा में “आयुर्विद्या कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। सभी विद्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन संबंधित प्रधानाध्यापक की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

प्राथमिक विद्यालय पतोर, हायाघाट एवं प्राथमिक विद्यालय पतोर (कन्या), हायाघाट में आयोजित कार्यक्रम में जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी, दरभंगा डॉ. हरेंद्र कुमार लाल दास ने बताया कि राज्य आयुष समिति के दिशा-निर्देश पर यह कार्यक्रम दरभंगा जिले के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में उपस्थित आयुष चिकित्सा पदाधिकारियों द्वारा बच्चों में होने वाली विभिन्न बीमारियों जैसे सामान्य सर्दी-जुकाम, कान का संक्रमण, पेट का संक्रमण, हैंड-फुट-एंड-माउथ डिजीज, चिकनपॉक्स (छोटी माता), गले में खराश या स्ट्रेप थ्रोट, आंख आना, अस्थमा, मूत्र मार्ग संक्रमण तथा मोटापा के रोकथाम एवं उपचार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक डॉ. मालविका द्वारा बच्चों को योग प्रशिक्षण दिया गया तथा विभिन्न योगासनों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरेंद्र कुमार लाल दास द्वारा पौधारोपण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

इसी क्रम में +2 उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, परसरमा, गोड़ा बौराम में आयोजित आयुर्विद्या कार्यक्रम में आयुर्वेदिक चिकित्सा पदाधिकारी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष), परसरमा डॉ. रमेश पासवान ने छात्रों को आयुष चिकित्सा से संबंधित विभिन्न विषयों जैसे स्वच्छता दिनचर्या, पोषक आहार, आहार विधि, अच्छा आचरण, दैनिक जीवन में योग एवं व्यायाम का महत्व तथा मानसिक स्वास्थ्य के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन वृक्षारोपण के साथ किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।