दरभंगा में धान अधिप्राप्ति की समीक्षा, 77% लक्ष्य पूरा; शेष भुगतान 48 घंटे में करने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत जिले में धान अधिप्राप्ति की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 203 पैक्स/व्यापार मंडल धान अधिप्राप्ति कार्य में लगे हैं। अब तक 6944 किसानों से 38,749.42 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 77 प्रतिशत है।

अधिप्राप्त धान के भुगतान की स्थिति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि अब तक 6803 किसानों (लगभग 98 प्रतिशत) को भुगतान किया जा चुका है। शेष किसानों के भुगतान को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित भुगतान 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में यह भी बताया गया कि जिले से अब तक 3741 मीट्रिक टन चावल भारतीय खाद्य निगम (SFC) को उपलब्ध कराया गया है, जो निर्धारित लक्ष्य की तुलना में कम है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को चावल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने और लक्ष्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि धान अधिप्राप्ति कार्य को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए। साथ ही सभी पैक्स एवं संबंधित पदाधिकारियों को किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में संयुक्त निबंधक सहयोग समिति विजय कुमार सिंह, सहायक निबंधक संजीव कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी तथा जिले के सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी उपस्थित थे।