किशनगंज में आपसी विवाद में तेजाब फेंकने की घटना, दो आरोपी गिरफ्तार
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
किशनगंज जिले के सुखानी थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान तेजाब फेंकने की घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 5 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे सुखानी थाना क्षेत्र के कादोगांव में दो पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष द्वारा गर्म पानी में तेजाब मिलाकर दूसरे पक्ष पर फेंक दिया गया। इस घटना में भेलु दास (पिता– सुबोल दास), सुशांत दास (पिता– भेलु दास), मनोज ठाकुर (पिता– जितन ठाकुर) और भुला सहनी (पिता– सुरेश सहनी) आंशिक रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सुखानी थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य होने पर घर भेज दिया गया।
इस संबंध में पिंकी दास (उम्र 30 वर्ष), पति भेलु दास, निवासी कादोगांव के लिखित आवेदन पर सुखानी थाना कांड संख्या 15/26 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी दीपक सिंह (पिता– फुटकू सिंह) और कौनी देवी (पति– दीपक सिंह), दोनों निवासी कादोगांव, थाना सुखानी, जिला किशनगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटनास्थल से उस बोतल को भी जब्त कर लिया है जिसमें तेजाब रखा गया था। साथ ही घटनास्थल को सुरक्षित रखते हुए वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को सूचित किया गया है।