आमने-सामने की टक्कर में घायल युवक की मौत, बीए पार्ट वन का छात्र था मृतक

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

 आमने-सामने की टक्कर में घायल एक बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा बुधवार की संध्या आंधरामठ थाना क्षेत्र के बगेवा गांव के पास हुआ।


मृतक की पहचान मधुबनी जिले के आंधरामठ थाना क्षेत्र के बगेवा निवासी जागेश्वर ठाकुर के 18 वर्षीय पुत्र सुरेश कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। घटना के बाद घायल अवस्था में उसे दरभंगा लाया गया, जहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार की सुबह करीब चार बजे उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम परिसर में मौजूद मृतक के बड़े भाई प्रदीप कुमार ठाकुर ने बताया कि सुरेश अपने गांव से निर्मली जा रहा था। वहां उसके पिता सैलून चलाते हैं और उन्हें घर लाने के लिए वह बाइक से निकला था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
परिजनों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूसरी बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए दरभंगा लाया गया, जहां निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
बताया जाता है कि सुरेश कुमार ठाकुर अविवाहित था और निर्मली कॉलेज में बीए पार्ट वन का छात्र था।
इधर, कोतवाली थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।