बारात में जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दस्तक 7मीडिया ,अफजल खान 

खजौली थाना क्षेत्र के सतेंर लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या 6 निवासी 21 वर्षीय श्रवण कुमार, पिता अरुण पासवान, की सड़क दुर्घटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। सरवन अपने चाचा की शादी में शामिल होने के लिए सतेंर लक्ष्मीपुर से रामपट्टी जा रहा था।
बताया गया कि 26 तारीख की रात करीब 9:15 बजे इनरवा ठाहर के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से सीधी टक्कर हो गई। उस समय बाइक सरवन खुद चला रहे थे और पीछे एक व्यक्ति बैठा था। पीछे बैठा युवक सुरक्षित है, जबकि दूसरी बाइक सवार भी घायल बताया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस सरवन को लेकर खजौली अस्पताल पहुंची, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मधुबनी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से हालत गंभीर देखते हुए आगे रेफर किया गया मगर वहां से भी, मधुबनी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में बेड खाली नहीं होने की बात कह दी गई। इसके बाद परिवार वाले उन्हें दरभंगा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां 2 तारीख की दोपहर करीब 12 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार दुर्घटना में शामिल दूसरी बाइक (नंबर BR32AQ 8776) पहले पुलिस के कब्जे में थी, लेकिन अब बाइक नहीं मिलने की बात कही जा रही है।
मृतक श्रवण एक निजी होटल में काम करता था और वही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी पत्नी तीन माह की गर्भवती है और एक 10 माह की मासूम बेटी भी है।
मृतक के दादा योगी पासवान ने बताया कि हादसे की सूचना साथ में मौजूद परिजन शिवधारी ने दी थी। बेंता थाना पुलिस के सहयोग से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
परिवार ने सरकार से उचित मुआवजे और आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि गर्भवती पत्नी और मासूम बेटी का पालन-पोषण हो सके।