बिरौल में भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ होलिका दहन, मारवाड़ी समाज ने निभाई पारंपरिक रीतियां

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक पर्व ‘होली’ का आगाज बिरौल अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में अत्यंत हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण में हुआ। बीती रात अनुमंडल के शहरी और ग्रामीण इलाकों में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ होलिका दहन का कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुपौल बाजार के आदर्श नगर, शिवाजी नगर, वनदेवी नगर और मंदिर घाट सहित दर्जनों स्थानों पर होलिका दहन किया गया। देर रात शुभ मुहूर्त में जैसे ही अग्नि प्रज्वलित की गई, पूरा वातावरण “भक्त प्रह्लाद की जय” के उद्घोष से गूंज उठा। लोगों ने अग्नि की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की और नए अनाज की बालियों को पवित्र अग्नि में समर्पित किया। मंदिर घाट के शीतला माता मंदिर परिसर में मारवाड़ी समाज के गणमान्य लोगों द्वारा विशेष आयोजन किया गया। यहां समाज के लोगों ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक परंपराओं और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन की रस्म निभाई। सुपौल बाजार में मारवाड़ी समाज की महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में पूजा-अर्चना की।समाज के प्रबुद्ध जनों ने इस अवसर पर एकजुट होकर भाईचारे का संदेश दिया और विधि-विधान के साथ कार्यक्रम को संपन्न कराया।