होली को लेकर प्रशासन सक्रिय, डीएम-एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च,कहा आपसी भाईचारे में मनाए होली।

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने संयुक्त रूप से पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ शहर के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।

फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से निकलकर हाजमा चौराहा, दिल्ली मोड़, दरभंगा रेलवे स्टेशन, लहेरियासराय टावर सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं संवेदनशील इलाकों से होते हुए गुजरा।

इस दौरान आम लोगों से शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई। संयुक्त आदेश के तहत 500 से अधिक स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिलाधिकारी ने जिला वासियों से अपील की है कि आपसी भाईचारे के वातावरण में होली का पर्व मनाएं तथा किसी की भावना को ठेस न पहुंचाएं। विधि-व्यवस्था के समुचित नियंत्रण हेतु जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो 24 घंटे कार्यरत रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06272-240600 है।

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर भी संबंधित अधिकारियों द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

फ्लैग मार्च के दौरान होलिका दहन के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण भी किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी स्थलों पर विधि-व्यवस्था की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि होलिका दहन शांतिपूर्वक संपन्न हो सके। सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में 24 घंटे सक्रिय एवं सतर्क रहेंगे।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति उपद्रव फैलाने या समाज का वातावरण दूषित करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि सोशल मीडिया, ड्रोन, सीसीटीवी कैमरा एवं वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। क्यूआरटी टीम भी लगातार सक्रिय है।

एसएसपी ने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को आगाह करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट साझा करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

जिला प्रशासन ने पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील करते हुए कहा कि दरभंगा की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठा रहा है।