अब्दुल सलाम हत्याकांड के बाद झगरुआ में भारी पुलिस बल तैनात,प्रशासन अलर्ट मोड पर, जनप्रतिनिधि,प्रबुद्ध नागरिक कर रहे हैं सहयोग

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

अनुमंडल अंतर्गत जमालपुर थाना क्षेत्र के झगरुआ गांव में अब्दुल सलाम हत्याकांड को लेकर स्थिति आक्रोश पूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है। रविवार को शाम शव के पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचने और सोमवार को सुपुर्द-ए-खाक की प्रक्रिया को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सह अपर पुलिस अधीक्षक प्रभाकर तिवारी स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं। झगरुआ गांव में कई थानों की पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी लगातार कैंप कर रहे हैं। स्थिति का जायजा लेने के लिए एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने गांव का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय गणमान्य लोगों और ग्रामीणों से मुलाकात कर शांति बनाए रखने की अपील की।
भ्रमण के दौरान एसडीपीओ ने ओम राम की पत्नी विमला देवी द्वारा पूर्व में लगाए गए ईंट चोरी के आरोपों का भी स्थल निरीक्षण किया। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस अधिकारी को पूर्व की घटनाओं की हकीकत से अवगत कराया। प्रशासनिक टीम के निरीक्षण के दौरान पंचायत के मुखिया मोहम्मद आदिल सहित क्षेत्र के कई अन्य जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद थे। सभी लोग प्रशासन के साथ गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने में सहयोग कर रहे हैं। मौके पर अंचल पुलिस निरीक्षक महफूज आलम, पर्यवेक्षी पुलिस पदाधिकारी अमृत लाल वर्मन, थानाध्यक्ष जमालपुर मुकेश कुमार,पुनि चंद्र मणि,एस आई आलोक कुमार,एस आई केशरी नंदन,एस आई विनिता कुमारी,एस आई शुशील कुमार, पीएसआई राहुल कुमार, पीएसआई शैलेश कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और बल मौजूद हैं।