घनश्यामपुर थाना में दो चौकीदारों का सम्मानपूर्वक सेवा निवृत्ति समारोह आयोजित

दस्तक7मिडिया, गौड़ा बौराम

घनश्यामपुर थाना परिसर में रविवार को दो चौकीदारों के सेवा निवृत्त होने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में थानाध्यक्ष आलोक कुमार के साथ पुलिस परिवार के सभी कर्मी और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सेवा निवृत्त होने वाले चौकीदारों में गनौन गांव के चौकीदार सीताराम पासवान तथा बलथरी और परबत्ता क्षेत्र के मंगनू पासवान शामिल हैं। दोनों ने लंबे समय तक ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनके कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका रही।कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने दोनों चौकीदारों को अंगवस्त्र, पाग, चादर एवं श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि चौकीदार पुलिस व्यवस्था की मजबूत कड़ी होते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना संकलन और शांति व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। सेवानिवृत्त कर्मियों की सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी। अपने संबोधन में थानाध्यक्ष ने दोनों चौकीदारों के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि विभाग उनके योगदान को कभी नहीं भूलेगा। कार्यक्रम के दौरान अन्य पुलिसकर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए दोनों के कार्यों की सराहना की।सेवानिवृत्त चौकीदारों ने भी थाना परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें अपने कार्यकाल के दौरान सभी अधिकारियों और सहकर्मियों का भरपूर सहयोग मिला।