बिरौल में शांति समिति की बैठक में सौहार्दपूर्ण होली और रमजान पर चर्चा, हुड़दंगियों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

होली पर्व और पवित्र रमजान माह के मद्देनजर शनिवार को बिरौल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में क्षेत्र में आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर बल दिया गया।बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ सह एएसपी प्रभाकर तिवारी ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से संवाद करते हुए पूर्व निर्धारित होलिका दहन स्थलों की सूची की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। एसडीपीओ श्री तिवारी ने कहा कि त्योहार खुशियों का प्रतीक है। पुलिस प्रशासन असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर 24 घंटे पैनी नजर रखे हुए है। शांति समिति के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
बैठक की खास बात यह रही कि इसमें होली के साथ-साथ रमजान की व्यवस्थाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। स्थानीय प्रतिनिधि कमरे आलम और मुखिया मो. काशीफ ने रमजान के दौरान मस्जिदों में होने वाली नमाज और तरावीह के समय की जानकारी साझा की, ताकि त्योहारों के बीच समय का समन्वय बना रहे और किसी को असुविधा न हो। उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने सामूहिक रूप से आश्वासन दिया कि बिरौल में दोनों त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा।
बैठक में प्रशासनिक और पुलिस महकमे के साथ-साथ भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे। थानाध्यक्ष चन्द्र मणि, पर्यवेक्षी पुलिस पदाधिकारी अमृत लाल वर्मन, बीडीओ प्रदीप कुमार झा, सीओ आदित्य शंकर। जनप्रतिनिधियों में मुखिया मो. काशीफ,मुख्य पार्षद विनोद बम्पर, सहनी नवयुवक एकता संघ के सचिव चौधरी सहनी, विनोद सहनी, मुखिया संजय पासवान, मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह, प्रदीप यादव, पृथ्वी यादव, कमरे आलम, राजेश यादव, शिवू झा, मो. फिरोज, मो. नूरुल, इन्द्र भूषण प्रधान, रमेंद्र मंडल, विनोद चौधरी, पप्पू राय, अच्युतानंद ठाकुर सहित कई गणमान्य लोगों के अलावा पुलिस बल से पीएसआई पूजा कुमारी, राहुल कुमार, आभा कुमारी, भार्गवी कुमारी, शैलेश कुमार, सूरज कुमार और सलम कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ सह एएसपी प्रभाकर तिवारी ने स्पष्ट कर दिया है कि सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक कड़ी निगरानी रखी जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और रंगों के इस त्योहार को प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं।