बिरौल में हर्ष फायरिंग में 10 वर्षीय बालक को लगी गोली के मामले में एफआईआर दर्ज,एक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दो दिन पहले दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत उछटी गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान ‘हर्ष फायरिंग’ ने बड़ी वारदात का रूप ले लिया। उपनयन संस्कार के उत्सव में हो रही फायरिंग के दौरान एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे के सिर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए आगे कार्रवाई शुरु कर दी। घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने बताया कि उछटी गांव निवासी मुकेश झा के 10 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार झा का उपनयन संस्कार चल रहा था। 26 फरवरी 2026 की शाम करीब 8:00 बजे पूरा परिवार और रिश्तेदार गांव के ही छठी दुर्गा मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना करने गए थे। पीड़ित पिता द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक, उसी समय गांव का ही एक युवक अमित कुमार झा हाथ में अवैध देसी पिस्तौल लेकर वहां पहुंचा और फायरिंग करने लगा। मना करने के बावजूद अमित ने दो राउंड हवाई फायरिंग की। तीसरी राउंड फायरिंग के दौरान गोली जमीन से टकराकर सीधे बालक राहुल कुमार झा के सिर के बाईं ओर जा लगी। घटना के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि गोली चलाने के बाद अमित कुमार झा ने अपनी अवैध पिस्तौल मुकुन्द झा को थमा दी और दोनों मौके से फरार हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में घायल राहुल को निजी हॉस्पिटल, बिरौल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने बताया कि इस मामले में पीड़ित के पिता मुकेश झा ने बिरौल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दिए गए आवेदन के आधार पर अमित कुमार झा और मुकुन्द झा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जिसमें अमित कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया गया है,और अन्य एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।