दरभंगा में 28 फरवरी यानि आज से ‘मिथिला लोक उत्सव 2025-26’ का भव्य आगाज ,कवि सम्मेलन से होगी शुरुआत, नेहरू स्टेडियम में दो दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
दरभंगा में 28 फरवरी यानि आज से ‘मिथिला लोक उत्सव 2025-26’ का भव्य आगाज ,कवि सम्मेलन से होगी शुरुआत, नेहरू स्टेडियम में दो दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
दरभंगा में 28 फरवरी यानि आज से ‘मिथिला लोक उत्सव 2025-26’ का भव्य आगाज,
कवि सम्मेलन से होगी शुरुआत, नेहरू स्टेडियम में दो दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
दस्तक 7मीडिया /
पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में “मिथिला लोक उत्सव 2025-26” का भव्य आयोजन 28 फरवरी एवं 01 मार्च को किया जाएगा। यह दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) तथा नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में आयोजित होगा।
उत्सव का मुख्य उद्देश्य मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला, लोकसंगीत, लोकनाट्य एवं पारंपरिक विधाओं का संरक्षण एवं संवर्धन करना है।
पहले दिन कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक संध्या
28 फरवरी को दोपहर 2:00 से 4:00 बजे तक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें हिंदी, मैथिली, उर्दू एवं वज्जिका भाषाओं के प्रतिष्ठित कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। हिंदी से शंकर कैमुरी, डॉ. अमरकांत कुवर एवं नरेंद्र कुमार मिश्र, मैथिली से मंजर सुलेमान, फूल चंद्र झा परवीन, वंशीधर मिश्र एवं प्रो. अमलेंदु शंकर पाठक, उर्दू से मुस्ताक इकबाल तथा वज्जिका से इंदिरा भारती एवं रेवती रमण पाठक सहभागिता करेंगे।
सायं 5:00 बजे से रात 10:00 बजे तक नेहरू स्टेडियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। मोहित खंडेलवाल (नटराज आर्ट्स एंड कल्चर) एवं सुश्री राजनंदनी द्वारा लोक नृत्य, श्रीमती पूनम मिश्रा द्वारा लोकगायन, सुश्री पूनम कुमारी द्वारा गायन, किलकारी संस्था दरभंगा द्वारा ‘गोनू झा’ पर आधारित मैथिली बाल नाटक, सुश्री सौम्या मिश्रा द्वारा हिंदी-मैथिली गायन तथा सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार सुनील पाल द्वारा हास्य प्रस्तुति दी जाएगी।
दूसरे दिन लोकगाथा, रक्तदान शिविर और सम्मान समारोह
01 मार्च को पूर्वाह्न 11:00 से 2:00 बजे तक नेहरू स्टेडियम में लोकगाथा एवं लोकगायन की प्रस्तुति होगी। कलाकार रुदल पंजियार ‘कारू खिरहर’, बीरबल सदाय ‘दिन भद्री महाराय’, सुरेंद्र नारायण यादव एवं ब्रह्मदेव महतो लोकगायन तथा गोविंद यादव लोकगाथा प्रस्तुत करेंगे।
इसी दिन नेहरू स्टेडियम में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
शाम 4:00 से 4:30 बजे तक प्रेक्षागृह में “मिथिला लोक सम्मान” समारोह आयोजित होगा, जिसमें संतोष मल्लिक (ध्रुपद गायन), श्रीमती पुतुल चौधरी (मिथिला पेंटिंग), बालेश्वर राम चौधरी (शहनाई वादन), विनोद पंडित (टेराकोटा आर्ट) एवं मगन चौधरी (खेलकूद) को सम्मानित किया जाएगा।
इसके बाद 4:30 से 6:00 बजे तक प्रेक्षागृह में प्रवीण सांस्कृतिक मंच द्वारा ‘बैजयंती नाट्य’ का मंचन किया जाएगा।
सांस्कृतिक संध्या में नामचीन कलाकारों की प्रस्तुति
शाम 6:00 से 9:30 बजे तक नेहरू स्टेडियम में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें सुश्री हर्षप्रीत कौर, श्रीमती मोनी झा, सुश्री सिद्धि शक्ति एवं श्रीमती दीपाली सहाय द्वारा गायन तथा साकार कलाकृति द्वारा लोकनृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रूपम कुमारी, कमलाकांत झा एवं राम बुझावन यादव ‘रमाकर’ करेंगे।