होली एवं रमजान को लेकर जिला शांति समिति की हुई बैठक, डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई – जिलाधिकारी, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर : वरीय पुलिस अधीक्षक
होली एवं रमजान को लेकर जिला शांति समिति की हुई बैठक, डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई – जिलाधिकारी, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर : वरीय पुलिस अधीक्षक
होली एवं रमजान को लेकर जिला शांति समिति की हुई बैठक,
डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई – जिलाधिकारी,
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर : वरीय पुलिस अधीक्षक
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि होली के अवसर पर किसी भी व्यक्ति को जबरदस्ती रंग या अबीर न लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि जिले में डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा उल्लंघन करने वालों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सभी अस्पतालों को सक्रिय रखने तथा सभी फायर ब्रिगेड वाहनों को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक होलिका दहन स्थल पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि 02 मार्च को होलिका दहन निर्धारित है। सभी स्थलों पर विशेष चौकसी बरतने, बालू एवं पानी की व्यवस्था रखने, बिजली के लटके तारों को हटाने तथा कम ऊंचाई वाले तारों को ऊंचा करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया है।
उन्होंने सहायक आयुक्त मद्यनिषेध को होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट आदि में लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए, जिनमें अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध छापेमारी, ट्रिपल सवारी पर रोक, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई हेतु ब्रेथ एनालाइजर की व्यवस्था, आपातकालीन नंबर 112 को सक्रिय रखने, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, निर्बाध जलापूर्ति, शहर की साफ-सफाई व्यवस्था, खराब सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत तथा मुख्य मस्जिदों के समीप सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के सुझाव शामिल रहे।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि सभी सुझावों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि शराब एवं नशा से संबंधित सूचनाओं के आधार पर छापेमारी की जा रही है। ट्रिपल सवारी पर रोक रहेगी तथा ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग किया जाएगा। डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा नशीली दवाओं की बिक्री करने वाली दुकानों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी। जिले में पुलिस गश्ती दल सक्रिय रहेंगे तथा क्यूआरटी (त्वरित कार्रवाई दल) का गठन किया गया है। ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी।
बैठक में महापौर श्रीमती अंजुम आरा ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर में साफ-सफाई एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
डीएमसीएच एवं सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को होली के अवसर पर 24 घंटे सक्रिय रखने तथा चिकित्सकों एवं एएनएम की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे शांति, संयम एवं पारस्परिक सम्मान के साथ पर्व मनाएं।
उन्होंने 28 फरवरी एवं 01 मार्च को आयोजित होने वाले मिथिला लोक उत्सव “श्यामा महोत्सव” में भी जिलेवासियों को आमंत्रित किया।
बैठक में माननीय महापौर अंजुम आरा, सहायक समाहर्ता के परीक्षित, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं जिला शांति समिति के सम्मानित सदस्यगण उपस्थित थे।