बिरौल में जनेऊ उत्सव की खुशियां मातम में बदलीं, मांगलिक उत्सव के दौरान किशोर के सिर में लगी गोली

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिला के बिरौल थाना क्षेत्र के उछती गांव में गुरुवार की शाम एक मांगलिक उत्सव के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पूजा की रस्म निभा रहे एक किशोर अचानक जमीन पर गिर पड़े, खोज बीन से पता चला कि उसके सिर में गोली लग गई। घटना 26 फरवरी की रात लगभग 8 बजे की है। जिस लड़के का शुक्रवार को ‘जनेऊ’ (यज्ञोपवीत) संस्कार होना था, वह वर्तमान में निजी अस्पताल में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, उछती गांव में जनेऊ उत्सव से पूर्व गुरुवार को ‘कुमरन’ की रस्म अदा की जा रही थी। किशोर अपने सगे-संबंधियों और महिलाओं के साथ गांव के ही पोखर घाट पर पूजा करने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घाट पर रस्म अदायगी के दौरान अचानक फायरिंग हुई और लड़का लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों ने आनन-फानन में उसे उठाकर सुपौल बाजार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुरुआती तौर पर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन को गुमराह करते हुए इसे ‘पटाखा फूटने से लगी चोट’ बताया था। जब चिकित्सकों ने घायल किशोर के सिर का डिजिटल एक्स-रे किया, तो वे दंग रह गए। किशोर के सिर के भीतर एक गोली फंसी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन का निर्णय लिया। लगभग 5 घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद किशोर के सिर से सुरक्षित गोली निकाल ली गई। अस्पताल कर्मियों के अनुसार, फिलहाल किशोर की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन वह अभी भी चिकित्सकीय देखरेख में है। सूत्रों का कहना है कि पोखर घाट पर पूजा के दौरान किसी दोस्त या परिचित द्वारा हर्ष फायरिंग की गई थी। बताया जा रहा है कि वहां 4 से 5 राउंड हवाई फायरिंग हुई, जिसमें से एक गोली सीधे किशोर के सिर में जा धंसी। बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने इस संबंध में कुछ भी बताने से भले ही परहेज कर रहे हैं लेकिन इस घटना को लेकर एसडीपीओ सह एएसपी प्रभाकर तिवारी काफी गंभीर हैं। हालांकि, सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम जांच के लिए अस्पताल पहुंच कर परिजनों से पूछताछ की।