रैयाम/दरभंगा चीनी मिल को सहकारिता मॉडल पर पुनः चालू करने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
रैयाम/दरभंगा चीनी मिल को सहकारिता मॉडल पर पुनः चालू करने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
रैयाम/दरभंगा चीनी मिल को सहकारिता मॉडल पर पुनः चालू करने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज समाहरणालय, दरभंगा में दिल्ली से आई राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ की विशेषज्ञ टीम के साथ रैयाम/दरभंगा चीनी मिल को सहकारिता मॉडल पर पुनः संचालित करने की संभावनाओं को लेकर विस्तृत बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य चीनी मिल को सहकारिता मॉडल के तहत पुनर्जीवित करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करना था। विशेषज्ञ टीम ने इस मॉडल के लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे स्थानीय किसानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी और उन्हें उत्पादन, प्रबंधन एवं लाभ में प्रत्यक्ष हिस्सेदारी मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि सहकारिता मॉडल से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा किसानों की आय में वृद्धि की व्यापक संभावनाएं हैं।
बैठक के दौरान गन्ना क्षेत्रफल (रकबा) में वृद्धि से जुड़ी संभावित चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। विशेष रूप से वर्तमान सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ एवं विस्तारित करने, नलकूपों की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा वैकल्पिक जल स्रोतों के विकास की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि गन्ना उत्पादन में सतत वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।
चीनी मिल के संचालन के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने हेतु Cane Feasibility Report पर भी चर्चा की गई। इसके अंतर्गत कृषि, सहकारिता, सिंचाई, ऊर्जा, राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक आंकड़ों के संग्रहण पर जोर दिया गया, ताकि एक व्यवहार्य एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे आवश्यक आंकड़े शीघ्र उपलब्ध कराएं और समन्वय के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें।
बैठक में आर.बी. डुले (मुख्य गन्ना सलाहकार), एम. चौधरी (तकनीकी सलाहकार), विजय कुमार सिंह (संयुक्त निबंधक, सहयोग समितियां, दरभंगा प्रमंडल), अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, पुष्कर राज (ईख पदाधिकारी, दरभंगा) तथा सुदर्शन कुमार (जिला सहकारिता पदाधिकारी, मधुबनी) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बेनीपुर में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश माधवेन्द्र सिंह की अदालत का बड़ा फैसला, हत्या के मामले में छह दोषियों को आजीवन कारावास, न्यायालय परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
बेनीबाद बागमती बांध परियोजना आमरण अनशन समाप्त, अब सरकार करेगी समीक्षा, 11 दिन बाद अनशन खत्म कराया, डीसीएलआर सह एसडीएम (पूर्वी) कृष्ण कुमार, पूर्व विधायक निरंजन राय ने दिया आश्वासन