जमालपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महीनों से फरार अभियुक्त मुकेश कुमार साहनी गिरफ्तार

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले की जमालपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे कांड संख्या 78/25 के प्राथमिकी अभियुक्त मुकेश कुमार साहनी पिता- बिंदेश्वर साहनी को पुलिस ने रविवार को एक फिल्मी स्टाइल की घेराबंदी के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धारा 109 BNS के तहत वांछित आरोपी मुकेश कुमार साहनी जमालपुर थाना क्षेत्र के दुर्गा स्थान के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही अभियुक्त ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद सिपाही पुनीत कुमार और अभिषेक कुमार ने हार नहीं मानी। दोनों जवानों ने करीब एक लंबी दूरी तक पीछा किया और अंततः खदेड़ कर अभियुक्त को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त पर गांव के ही एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप है। बताया जाता है कि पीड़ित व्यक्ति जब सुबह दौड़ का अभ्यास कर रहे थे, उसी दौरान मुकेश कुमार साहनी और उनके साथियों ने उन्हें घेरकर मारपीट की थी। इस घटना के बाद से ही वह पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए कई महीनों से फरार चल रहा था।
जमालपुर थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध कर कानून से बचने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।