जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उद्योग संवाद कार्यक्रम आयोजित, ‘सशक्त बिहार’ के निर्माण पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला पदाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में “उद्योग संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करना, उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।

जिलाधिकारी ने उपस्थित निवेशकों एवं उद्यमियों से उनके-अपने उद्यमों की वर्तमान स्थिति, उत्पादन क्षमता, रोजगार सृजन, विपणन व्यवस्था तथा विस्तार की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत “सशक्त बिहार” के निर्माण में उद्योगों की स्थापना एवं विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन उद्योगों के अनुकूल वातावरण के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक उद्यमी की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्टार्टअप गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में संचालित स्टार्टअप इकाइयों का व्यापक प्रचार-प्रसार “स्टार्टअप फेसबुक पेज लाइव” के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों के प्रति प्रेरित किया जा सके।

बैठक में उपस्थित सफल उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशासनिक सहयोग एवं सरकारी योजनाओं के समुचित लाभ से उद्योगों की स्थापना और संचालन को गति मिलती है। जिलाधिकारी ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन निवेश प्रोत्साहन, उद्योग स्थापना एवं रोजगार सृजन के लिए निरंतर संवाद और समन्वय की प्रक्रिया जारी रखेगा, ताकि दरभंगा जिला औद्योगिक विकास की दिशा में अग्रणी बन सके।

इस अवसर पर सुरूची कुमारी, प्रभारी महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, दरभंगा,  ब्रजेश कुमार, प्रबंधक, बियाडा, सहित उद्योग विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।