समस्तीपुर के आरोपियों पर बिरौल पुलिस का शिकंजा,एक गिरफ्तार,पुलिस निरीक्षक ने जारी किए थे निर्देश,

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

धोखाधड़ी और रुपयों के लेन-देन से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अंचल बिरौल के पुलिस निरीक्षक महफूज आलम ने जांच की समीक्षा के बाद मामले को सत्य पाया है और अनुसंधानकर्ता को आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। पुलिस निरीक्षक महफूज आलम ने बताया कि यह मामला रुपयों के लेन-देन और आपसी विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि पंचायत की बैठकों और सामाजिक दबाव के बावजूद आरोपियों ने पैसे वापस करने से साफ इनकार कर दिया और चुनौती दी। पुलिस की समीक्षा में पाया गया कि बिरौल थाना कांड संख्या 257/25 में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं, जिसमें 126(2), 115(2), 316(2), 318(4), 351(2), 352, 303(2) और 3(5) शामिल हैं, के तहत मामला सत्य पाते हुए इस कांड में दो मुख्य नामजद आरोपियों सौरभ कुमार चौधरी और कमल नारायण चौधरी को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था। ये दोनों आरोपी ग्राम फुलहरा, थाना सिंघिया, जिला समस्तीपुर के रहने वाले हैं। इनमें से एक अभियुक्त कमल नारायण चौधरी को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सोमवार को समस्तीपुर जिला पुलिस के सहयोग से सौरभ कुमार चौधरी को बिरौल पुलिस ने फूलहरा गांव से गिरफ्तार किया।