खेल के मैदान पर उपजा विवाद बना खूनी संघर्ष, पाली बाजार में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात,

दस्तक7मिडिया, बिरौल,दरभंगा।

खेल का मैदान जो आपसी भाईचारे और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का प्रतीक होता है, वह सोमवार को आपसी रंजिश और हिंसा की भेंट चढ़ गया। घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के पाली बाजार स्थित रण पट्टी मैदान में आयोजित मून स्टार क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब जीत-हार के विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार, फाइनल मुकाबला तुमौल बनाम बसौली के बीच खेला जा रहा था। मैच के दौरान ही विजेता टीम के फैसले को लेकर खिलाड़ियों और समर्थकों के बीच तीखी बहस शुरू हुई। देखते ही देखते यह विवाद मैदान की सीमाओं को लांघकर मछली बाजार की सड़क पर आ गया। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने धारदार हथियार और चाकू से दुसरे पक्ष पर हमला कर दिया।
इस हमले में तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। जिसमें आदित्य झा (20 वर्ष), पिता- लालमोहन झा (पाली गांव),राजन मिश्रा (26 वर्ष), पिता- ज्ञानेश मिश्रा (महथवार गांव),दुर्गानंद झा (22 वर्ष), पिता- सुनील झा (रसियारी गांव) शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. पुष्पांजलि और डॉ. मृत्युंजय ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया है।
घटना के बाद से ही एक पक्ष में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सह एएसपी प्रभाकर तिवारी, एसडीएम शशांक राज, एसडीपीओ बेनीपुर और थानाध्यक्ष आलोक कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं। स्थानीय पुलिस के अलावा बिरौल,जमालपुर, घनश्यामपुर,अलीनगर सहित कई थानों की पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।
एसडीपीओ सह एएसपी प्रभाकर तिवारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूर्णतया नियंत्रण में है।पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। कानून को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।