मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना के तहत 25 लाख महिलाओं को 2500 करोड़ की सौगात, दरभंगा की 1.21 लाख लाभुकों के खातों में राशि अंतरित
मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना के तहत 25 लाख महिलाओं को 2500 करोड़ की सौगात, दरभंगा की 1.21 लाख लाभुकों के खातों में राशि अंतरित
मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना के तहत 25 लाख महिलाओं को 2500 करोड़ की सौगात, दरभंगा की 1.21 लाख लाभुकों के खातों में राशि अंतरित
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
नीतीश कुमार के कर-कमलों से मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना (MMRY) के अंतर्गत राज्य की 25 लाख महिला लाभुकों के खातों में प्रति लाभुक 10,000 रुपये की दर से कुल 2500 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा एवं श्रवण कुमार सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। डीबीटी के माध्यम से यह राशि सीधे लाभुक महिलाओं के खातों में भेजी गई।
दरभंगा समाहरणालय स्थित अंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी कौशल कुमार, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, डीपीएम जीविका डॉ. ऋचा गार्गी सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि आज जिले की लगभग 1 लाख 21 हजार महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की गई है। इससे पूर्व लगभग 5 लाख 65 हजार महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि डीपीएम जीविका को निर्देश दिया गया है कि 10,000 रुपये की प्रारंभिक राशि से शुरू किए गए व्यवसायों की जाँच कर पात्र दीदियों को चरणबद्ध रूप से आगे की राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अधिकतम दो लाख रुपये तक की सहायता प्राप्त कर सकेंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लाभुक दीदियों के व्यवसायों की नियमित समीक्षा कर उन्हें आवश्यक तकनीकी एवं वित्तीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे अपने उद्यम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा सकें।
डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और यह योजना महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मील का पत्थर सिद्ध हो रही है।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न सामुदायिक संगठनों में पिको प्रोजेक्टर के माध्यम से किया गया। महिलाओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। लाभुकों ने कहा कि वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लेकर अपने व्यवसाय का विस्तार करेंगी।
अंत में सभी जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव लाया है। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।