मधुबनी पुलिस का धमाका ,6 दिन में हत्याकांड का खुलासा: मुख्य शूटर अरसद पुलिस मुठभेड़ में घायल, 4 गिरफ्तार
मधुबनी पुलिस का धमाका ,6 दिन में हत्याकांड का खुलासा: मुख्य शूटर अरसद पुलिस मुठभेड़ में घायल, 4 गिरफ्तार
मधुबनी पुलिस का धमाका ,6 दिन में हत्याकांड का खुलासा: मुख्य शूटर अरसद पुलिस मुठभेड़ में घायल, 4 गिरफ्तार
दस्तक 7मीडिया /संजय कुमार राय
राजनगर थाना क्षेत्र में 10 फरवरी को हुई सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने महज छह दिनों में उद्भेदन कर लिया है। पुलिस मुठभेड़ में मुख्य अभियुक्त मो० अरसद को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि कुल चार आरोपियों को अवैध हथियार के साथ दबोचा गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मधुबनी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 10.02.2026 को राघवपुर बलाट स्थित बघी बांध के पास जयराम मंडल (पिता- श्रीचन्द मंडल, निवासी- समाधी टोल) की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजनगर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 एवं पुलिस अधीक्षक मधुबनी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-02 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की।
मुठभेड़ में घायल हुआ मुख्य आरोपी
15 फरवरी की सुबह गुप्त सूचना पर पुलिस ने रामपट्टी बलाट रोड में वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल को रोका गया तो सवार मो० अरसद ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसके पास से लोडेड देशी पिस्टल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार मो० अरसद पर लूट, छीनतई और चोरी के लगभग आधा दर्जन मामले दर्ज हैं और वह पूर्व से वांछित था।
अलग कार्रवाई में तीन और धराए
उसी दिन दिवा गश्ती के दौरान सर्वादीह पुल के पास वाहन जांच में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अमन अमीर, गुलाम नबी (दोनों निवासी गौसनगर, राजनगर) तथा मो० दानिस (निवासी गरौल, थाना अलीनगर, दरभंगा) शामिल हैं।
तलाशी के दौरान अमन अमीर के पास से एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
कुल बरामदगी देशी पिस्टल 02,जिंदा कारतूस 08,घटनास्थल से खोखा 01 ,मोबाइल 02 हुई हे।
राजनगर थाना में दोनों मामलों में सुसंगत धाराओं के तहत कांड दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।