भालपट्टी में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, दो बदमाश अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार
दस्तक 7मीडिया /गुड्डू राज
भालपट्टी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की आशंका को समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दुलारपुर कन्या उच्च विद्यालय के पास से दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक विद्यालय परिसर के समीप बैठकर किसी गंभीर अपराध की योजना बना रहे थे। इसी बीच पुलिस को इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही भालपट्टी थानाध्यक्ष धर्मानंद कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दुलारपुर निवासी सोनू चौधरी तथा मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुकरमपुर निवासी प्रियदर्शी विकास के रूप में की गई है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
थानाध्यक्ष धर्मानंद कुमार ने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद एसआई निप्पू कुमार और ज्योति कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों के सहयोग से कार्रवाई की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संभावित अपराध को टाल दिया।
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किस घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।